नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पंजाब के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वे मोगा जिले में आयोजित एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। पंजाब पहुंचने से पहले उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि रिमोट कंट्रोल वाली ‘आप-दा सरकार’ में राज्य से कानून व्यवस्था और विकास दोनों ही नदारद हैं।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पंजाब का हर व्यक्ति बदलाव चाहता है। उन्होंने लिखा कि जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए प्रसिद्ध पंजाब की पवित्र भूमि को ‘आप-दा सरकार’ ने करप्शन, ड्रग्स और अपराध में डुबो दिया है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “रिमोट कंट्रोल वाली आप-दा सरकार में पंजाब से लॉ एंड ऑर्डर और विकास नदारद हैं।”
गृह मंत्री ने आगे लिखा कि वह आज मोगा में भाजपा की ‘बदलाव रैली’ में पंजाब के बहनों-भाइयों से संवाद करने को लेकर उत्साहित हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार यह रैली राज्य में बदलाव और नई राजनीतिक दिशा का संदेश देने का मंच बनेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह मोगा के किल्ली चहल में आयोजित विशाल ‘बदलाव रैली’ को संबोधित करेंगे। इस दौरान पार्टी पंजाब को गुंडागर्दी, नशे और बेरोजगारी से मुक्त कर प्रगति के नए रास्ते पर ले जाने का अपना विजन साझा करेगी।
पंजाब में अमित शाह की रैली को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह रैली राज्य में विकास, सुशासन और नई राजनीतिक दिशा का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।
इससे पहले पंजाब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ढाका विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च इलाके के कई प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थानों से होकर गुजरा, जहां लोगों को राज्य में बदलाव और विकास का संदेश दिया गया। साथ ही उन्हें किल्ली चहल में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।