कर्नाटक दौरे पर पीएम मोदी, देवेगौड़ा संग पुस्तक का भी करेंगे विमोचन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बुधवार को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी पूर्वाह्न लगभग 11 बजे मांड्या जिले के क्षेत्र आदिचुंचनगिरी में गुरु भैरवैक्य मंदिर का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वह उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
इस दौरे में प्रधानमंत्री मोदी पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा जी के साथ मिलकर “सौंदर्य लहरी और शिव महिम्न स्तोत्रम” नामक पुस्तक का विमोचन भी करेंगे।
आपको बता दें, गुरु भैरवैक्य मंदिर आदिचुंचनगिरी महासंस्थान मठ के 71वें पीठाधीश्वर पूजनीय संत श्री श्री श्री डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति के प्रति समर्पित स्मारक है। पारंपरिक द्रविड़ वास्तुकला शैली में निर्मित इस मंदिर की स्थापना महान संत के जीवन और विरासत के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप की गई है। यह मंदिर केवल श्रद्धा का केंद्र ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।
श्री डॉ. बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी समाज सेवा के प्रति अपने आजीवन समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। उन्होंने अनेक शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना की। उनका दृढ़ विश्वास था कि समाज की सेवा ही सबसे उच्चतम पूजा है, और उनकी शिक्षाओं ने जाति, पंथ और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर लाखों लोगों को प्रेरित किया।