कई जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना, बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर । छत्तीसगढ़ में गुरुवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 से 20 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। 17 और 18 जुलाई को कई इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है, जबकि 19 और 20 जुलाई को भी अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश में उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। राजधानी रायपुर सहित कई शहरों में सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश में नमी वाली हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इसी सिस्टम के प्रभाव से मानसून फिर से सक्रिय हुआ है और आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि नया सिस्टम इस कमी को काफी हद तक पूरा कर सकता है।