रायपुर, 30 जुलाई 2026 हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले हज यात्रियों का ऑनलाइन डिजिटल रेंडम चयन (कुर्राह) 30 जुलाई 2026 को मुंबई स्थित हज हाउस में सेंट्रलाइज्ड मोड पर संपन्न किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने बताया कि चयनित एवं प्रतीक्षा सूची के आवेदकों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मिर्ज़ा एजाज़ बेग ने बताया कि हज-2027 के लिए छत्तीसगढ़ से कुल 1,028 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 787 आवेदकों का कन्फर्म चयन तथा 241 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। चयन एवं प्रतीक्षा सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी कर वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि कुर्राह में चयनित हज आवेदकों को यात्रा की प्रथम किस्त के रूप में 1लाख 52 हजार 300 प्रति आवेदक की राशि 10 अगस्त 2026 तक जमा करानी होगी। उन्होंने कहा कि हज यात्रा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 0771-4266646 पर संपर्क कर सकते हैं।