जशपुर में पलटी यात्री बस: 4 की मौत, कई घायल

जशपुर। जशपुर जिले में शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। करडेगा से कुनकुरी जा रही एक यात्री बस दुलदुला क्षेत्र के गोडाअम्बा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए हैं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बस में करीब दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। बस के पलटने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद सेे घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही दुलदुला थाना और करडेगा पुलिस चौकी की टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।