प्रोजेक्ट चीता को बड़ी सफलता, बोत्सवाना की मादा चीता ने जंगल में 4 शावकों को दिया जन्म

नई दिल्ली। भारत में प्रोजेक्ट चीता को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। बोत्सवाना से लाई गई ढाई साल की मादा चीता KOMG 3 ने जंगल में चार शावकों को जन्म दिया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इसे भारत में चीतों की व्यवहार्य आबादी फिर से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स‘ पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि KOMG 3 बोत्सवाना से लाई गई पहली मादा चीता है, जिसने भारत में शावकों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट चीता के लिए ऐतिहासिक क्षण है और देश में चीतों की आबादी को फिर से स्थापित करने के प्रयासों को मजबूती देता है।
मंत्री के मुताबिक, KOMG 3 चार महीने से अधिक समय से जंगल में रह रही थी। इसी दौरान उसने प्राकृतिक परिस्थितियों में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया।
भूपेंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2022 में चीता पुनर्वास कार्यक्रम शुरू होने के बाद जंगल में शावकों के जन्म का यह दूसरा दर्ज मामला है। उन्होंने कहा कि हर ऐसा जन्म संरक्षण के प्रयासों में उम्मीद बढ़ाता है और धैर्य, निरंतर प्रयास तथा सामूहिक भागीदारी के महत्व को दर्शाता है।
चार नए शावकों के जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें 43 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने प्रोजेक्ट चीता की सफलता में योगदान देने वाले परियोजना प्रबंधकों, पशु चिकित्सकों, अग्रिम पंक्ति के वनकर्मियों और अन्य कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे इन सभी लोगों की लगातार मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता है।