तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से मारी ठोकर, 1 की मौत, 3 घायल

मैनपुरी. जिले में एक भीषण सड़क हादसा हो गया. कोतवाली क्षेत्र के माता शीतला देवी मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई और उसमें भीषण आग लग गई. हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग राम वाटिका मैरिज होम में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस कुरावली की ओर जा रहे थे. रात करीब दो बजे जैसे ही उनकी कार माता शीतला देवी मंदिर के समीप पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया. वहीं पुलिस ने कार में फंसे चारों घायलों को बाहर निकालकर आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने कार चालक मोहित (36 वर्ष) पुत्र राम औतार, निवासी देवकली (थाना कुरावली) को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. हादसे में देवकली निवासी नरेंद्र (38 वर्ष) पुत्र रामसनेही लाल, आयुष (17 वर्ष) पुत्र राकेश और शमशान घाट रोड कोतवाली निवासी आकाश (24 वर्ष) पुत्र जर्मन सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई सैफई रेफर कर दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.